महिलाओं के समग्र विकास के लिए सतत् प्रयत्नशील: प्रतिभा कुशवाहा
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने अतिथि गृह में जन-चौपाल लगाकर महिला उत्पीडन की जनसुनवाई की
रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा द्वारा महिलाओं से संबंधित योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाए जाने, महिला उत्पीडन की रोकथाम व महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय गेस्ट हाउस ज्ञानपुर के सभागार में जागरूकता चौपाल लगाकर महिला जनसुनवाई की। तहसील सभागार में उन्होंने समीक्षा बैठक की।
इस दौरान श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि युवा, देश का भविष्य है। वर्तमान में हम सभी को मिलकर महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास करना है। राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने एवं विकास की धारा से पिछड़े हुए लोगों को उंगली पकड़कर विकास पथ पर लाने के लिए समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही कहा कि हमें समस्त पात्रों को रोजगार प्रशिक्षण, ई श्रम कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आदि दिए जाने पर विशेष बल देना चाहिए। महिलाओं से संबंधित समस्त योजनाओं यथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बाल विवाह, निराश्रित, वृद्धा एवं विकलांग पेंशन, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोश की गहन समीक्षा की। महिला जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा व पारिवारिक समस्या, महिला उत्पीडन जैसी आदि उनके समक्ष 32 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें 4 प्रार्थना पत्र का निस्तारण तुरंत कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों संबंधित आधिकारी को सौंपते हुए त्वरित
निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने 2 दिवस में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने विभाग द्वारा संचालित महिलाओं से संबंधित हेल्पलाइन नंबर आदि की जानकारी दी गई।
इस मौके पर एएसपी डॉ.तेजवीर सिंह, एसडीएम अरुण गिरी, सीओ चमन सिंह चावड़ा, डीआईओ डॉ.पंकज कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू वर्मा, महिला थानाध्यक्ष, समस्त थाना प्रभारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, वन स्टॉप सेन्टर मैनेजर, जिला समन्वयक, जिला प्रोबेशन कार्यालय से राजकुमार गुप्ता, विवेक गुप्ता, गोपाल कृष्ण यादव आदि उपस्थित रहें।