आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव का बड़ा बयान: ईद उल-अजहा पर लोगों को शुभकामनाएं, बीजेपी सरकारों पर किया जोरदार हमला
Dharmendra Yadav's big statement from Azamgarh: Greetings to people on Eid ul-Azha, strongly attacked BJP governments
आजमगढ़: सांसद धर्मेंद्र यादव ने ईद उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर आज जिले के पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भाईचारे, सहिष्णुता और एकजुटता का संदेश लेकर आता है, जिसे पूरे समाज को साथ मिलकर मनाना चाहिए।
साथ ही सांसद यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की मोदी-योगी सरकारों की नीतियों और कार्यशैली पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकारें हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई की आग और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के बढ़ते दामों ने आम जनता की जिंदगी को बेहाल कर दिया है।
धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरी तरह से धोखा दिया है। उन्होंने कहा, “न तो काला धन वापस लाया गया, न बेरोजगारों को रोजगार मिला। देश की सीमाओं पर आतंकवादी हमले कम होने के बजाय बढ़ते जा रहे हैं। किसानों को दुगना मूल्य देने का वादा सिर्फ एक झूठा सपना साबित हुआ है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र भी महंगे होते जा रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम आदमी की स्थिति दयनीय होती जा रही है।
सांसद ने योगी सरकार के भ्रष्टाचार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “योगी सरकार में अधिकारी मनमाने तरीके से लूट-खसोट कर रहे हैं और अपराधी बेखौफ होकर हत्याएं और लूटपाट कर रहे हैं।”
धर्मेंद्र यादव ने गाजीपुर विधायक अब्बास अंसारी के हेड स्पीच के कारण उनकी सदस्यता रद्द करने की भाजपा सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव कर रही है। “जहां भाजपा नेता रोजाना हेड स्पीच देते हैं, वहां कोई कार्रवाई नहीं होती। भाजपा की नैतिकता और कार्यशैली दोनों ही संदिग्ध हैं।”
अंत में सांसद ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों का संकेत देते हुए कहा कि जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाएगी और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाएगी।
धर्मेंद्र यादव के इस बयान से राजनीतिक महौल गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में इस बयान का बड़ा प्रभाव देखने को मिल सकता है।