आजमगढ़ में प्रयास संगठन ने कहा “देवारा समिति समाज की रीढ़”
सामाजिक संगठनों के सहयोग से ही संभव है क्षेत्र का वास्तविक विकास:समारोह में जोर
आजमगढ़ 17 अगस्त :जनपद के महराजगंज ब्लॉक के देवरांचल क्षेत्र में सक्रिय देवारा विकास सेवा समिति को सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रयास सामाजिक संगठन द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह जिले के कार्यालय पर आयोजित हुआ,जहाँ समिति के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।देवारा विकास सेवा समिति लंबे समय से ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। इस समिति ने हमेशा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है। मानव सेवा को सर्वोपरि मानने वाली समिति ने अपने अथक प्रयासों से देवरांचल क्षेत्र में कई सकारात्मक परिवर्तन स्थापित किए हैं।हाल ही में समिति ने अपने संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करते हुए ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर पदाधिकारियों का चयन किया। इस क्रम में सोनू यादव को जिला अध्यक्ष, सुनील यादव (सहायक अध्यापक व शिक्षक संघ अध्यक्ष) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, बलजीत यादव को जिला उपाध्यक्ष, तथा संतोष को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इन पदाधिकारियों से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।प्रयास संगठन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनकी सराहना की और यह आश्वासन दिया कि समाज सेवा की राह में सभी सामाजिक संगठनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। प्रयास अध्यक्ष चरणजीत सिंह ने कहा कि, “देवारा विकास सेवा समिति जैसे संगठन समाज की रीढ़ हैं, जो नि:स्वार्थ भाव से क्षेत्र के विकास में लगे रहते हैं। ऐसे संगठनों का प्रोत्साहन और सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है।”,इस अवसर पर देवारा विकास सेवा समिति के अध्यक्ष रामकेदार यादव, प्रयास अध्यक्ष चरणजीत सिंह, सचिव सुनील यादव, समाजसेवी वीरेंद्र यादव, श्याम कुमार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि,जब सामाजिक संगठन आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करते हैं, तभी समाज का वास्तविक विकास संभव हो पाता है। इस सम्मान समारोह ने न केवल देवारा विकास सेवा समिति की उपलब्धियों को रेखांकित किया, बल्कि सभी सामाजिक संगठनों को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।