Azamgarh news:आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 3 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त/निलंबित, अब तक 69 पर कार्रवाई

एसपी की संस्तुति पर डीएम की मंजूरी के बाद कार्रवाई, जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए अभियान जारी

आजमगढ़, 13 मार्च। जनपद में कानून-व्यवस्था एवं लोकशांति बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में तीन शस्त्र लाइसेंसों को निरस्त/निलंबित किया गया है। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 69 शस्त्र लाइसेंस निरस्त या निलंबित किए जा चुके हैं।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार की स्वीकृति के बाद की गई। प्रशासन के अनुसार संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और उनके पास शस्त्र बने रहना जनसुरक्षा और लोकशांति के लिए उचित नहीं पाया गया।जिन शस्त्र लाइसेंसों पर कार्रवाई की गई है उनमें देवकली तारन, थाना मुबारकपुर निवासी सुरेश दुबे का एसबीबीएल बंदूक लाइसेंस निरस्त किया गया है। इसी तरह पूराबालनारायण, थाना रौनापार निवासी राकेश कुमार यादव का रिवॉल्वर लाइसेंस निरस्त किया गया है। वहीं सड़वाहा, थाना सरायमीर निवासी आद्या चौहान का राइफल लाइसेंस निलंबित किया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिन लोगों के पास शस्त्र होने से आमजन की सुरक्षा को खतरा हो सकता है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जनपद में शांति और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button