होटल के कमरे में पत्नी को प्रेमी संग देख पति ने पुलिस के साथ मारा छापा, हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
Aligarh: Husband finds wife with lover in hotel room, raids with police, high-voltage drama ensues

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के रामघाट रोड स्थित एक होटल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पति पुलिस को साथ लेकर होटल के कमरे तक पहुंचा था। दरवाजा खुलते ही जो नजारा सामने आया, उससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया और काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
पत्नी पर अचानक पड़ी नजर, शुरू किया पीछा
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के गुलावठी निवासी युवक रविवार को अपनी बहन के घर अलीगढ़ आया हुआ था। शहर में घूमने के दौरान उसकी नजर अचानक अपनी पत्नी पर पड़ी, जो एक अन्य युवक के साथ काफी करीब दिखाई दी। पति ने तत्काल कोई हंगामा नहीं किया और चुपचाप दोनों का पीछा करने लगा। कुछ ही देर में उसने देखा कि उसकी पत्नी अपने साथी के साथ रामघाट रोड स्थित एक होटल में पहुंची और वहां कमरा बुक कर चेक-इन कर लिया।
पुलिस को सूचना देकर पहुंचा होटल
दोनों के कमरे में जाने के बाद पति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर क्वार्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में पति उन्हें लेकर सीधे उस कमरे के बाहर पहुंचा, जहां उसकी पत्नी और उसका साथी मौजूद थे। दरवाजा खुलवाने पर महिला अपने कथित प्रेमी के साथ कमरे में मिली। इसके बाद पति और प्रेमी के बीच तीखी बहस और झड़प शुरू हो गई, जिसे पुलिस ने किसी तरह शांत कराया।
लव मैरिज के बाद बढ़ा विवाद
पति के मुताबिक करीब साढ़े तीन साल पहले उसने महिला से लव मैरिज की थी। क्वार्सी थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। फिलहाल दोनों के बीच मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला ने पहले ही अपने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हुआ है और वह उससे अलग रह रही थी।
तीनों को थाने लाया गया
हंगामे के बाद पुलिस तीनों को थाने ले आई, जहां काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत महिला के कथित प्रेमी मृदुल के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की है। वहीं, महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी मां को थाने बुलाया गया और बाद में महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया।रामघाट रोड पर हुई यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।



