Azamgarh News: प्राथमिक विद्यालय में चोरी से हड़कंप: ताला काटकर गैस सिलेंडर ले उड़े चोर

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
प्राथमिक विद्यालय में चोरी से हड़कंप: ताला काटकर गैस सिलेंडर ले उड़े चोर
आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पलिया (थाना रौनापार) में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया। चोरों ने विद्यालय के कमरे का ताला काटकर अंदर रखा गैस सिलेंडर पार कर दिया।
मंगलवार सुबह जब प्रधानाध्यापक विनय कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला गायब देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया।
प्रधानाध्यापक ने तत्काल इसकी सूचना थाना रौनापार पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। विद्यालय में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। विद्यालय में मिड-डे मील की व्यवस्था के लिए उपयोग होने वाला गैस सिलेंडर चोरी हो जाने से बच्चों के भोजन पर भी असर पड़ सकता है, जिससे अभिभावकों में भी चिंता देखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।



