आजमगढ़ में नवजात के जन्म की खुशी बदली मातम में,नाली विवाद में पिता की हत्या
In Azamgarh, the joy of a newborn's birth turned into mourning, as the father was killed in a drain dispute.

रिपोर्ट नर्सिंग पवई
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकिया बखरिया में शुक्रवार की सुबह नाली के विवाद को लेकर हुई मारपीट में 30 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, चकिया बखरिया निवासी हरिओम पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम पांडेय का गला दबा दिया गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी रंजना के दो पुत्र हैं। घटना से ठीक एक दिन पहले वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए रंजना ने एक पुत्र को जन्म दिया था। नवजात के जन्म की खुशी के अगले ही दिन परिवार में मातम छा गया।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



