आजमगढ़ में शिवम की मौत से भड़का आक्रोश,शव पहुंचते ही ग्रामीणों ने किया चक्का जाम,पुलिस पर पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का आरोप

Shivam's death sparked outrage in Azamgarh; villagers blocked roads as soon as the body arrived, accusing the police of releasing the arrested man.

आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव के पास बाइक और वैगनआर कार की टक्कर में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय शिवम पाल की लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में उपचार के दौरान मौत हो गई। 10 अक्टूबर को उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। रविवार सुबह शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हादसे के बाद पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का आरोप लगाया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया जा सका।

निमंत्रण से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव निवासी जियालाल पाल के पुत्र शिवम पाल आठ अक्टूबर की रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरैया गांव में निमंत्रण में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब नौ से दस बजे के बीच चिरावल गांव के पास उनकी बाइक की पूरब दिशा से जा रही वैगनआर कार से टक्कर हो गई। हादसे में शिवम पाल और बाइक पर सवार नितिन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। नितिन यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, शिवम की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का आरोप

बताया जाता है कि हादसे के समय वैगनआर कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरा व्यक्ति झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोप है कि बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।रविवार सुबह शिवम का शव एंबुलेंस से तहबरपुर पहुंचा तो आक्रोशित ग्रामीणों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर आवागमन बाधित कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने में जुटे रहे।सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस, निजामाबाद के तहसीलदार और बूढ़नपुर के क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन बहाल हो सका।

पिता पैरालिसिस से पीड़ित, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। घायल नितिन यादव तहबरपुर में अपने मामा के मेडिकल हाल पर रहते हैं। वहीं, मृतक शिवम पाल के पिता जियालाल पाल पैरालिसिस से पीड़ित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button