Azamgarh News:बिलरियागंज में सपना पॉलीक्लिनिक, देवांश हॉस्पिटल और श्याम नर्सिंग होम पर हुई कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन अस्पताल सील

बिलरियागंज में सपना पॉलीक्लिनिक, देवांश हॉस्पिटल और श्याम नर्सिंग होम पर हुई कार्रवाई

आजमगढ़ जनपद में अपंजीकृत अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बिलरियागंज क्षेत्र के तीन निजी चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहनलाल और पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान सपना पॉलीक्लिनिक में दो मरीज भर्ती मिले, जिन्हें सहमति के बाद समुचित उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। इसके बाद ओपीडी और चार बेड सील कर दिए गए। देवांश हॉस्पिटल निरीक्षण के समय बंद मिला, लेकिन स्थानीय लोगों से पूछताछ में वहां अस्पताल संचालित होने की जानकारी मिलने पर उसे भी सील कर दिया गया।

वहीं, परशुरामपुर स्थित श्याम नर्सिंग होम भी अपंजीकृत पाया गया। यहां डिलीवरी रूम और तीन बेड का एनआईसीयू वार्ड मिला। टीम ने ओपीडी, डिलीवरी रूम और एनआईसीयू वार्ड को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान फोटो और वीडियो साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए।

सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण संचालित अस्पतालों के खिलाफ जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button