आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा,तीन लोगों की मौत,सात घायल; कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने तत्परता से संभाला मोर्चा
ओवरटेक के प्रयास में स्विफ्ट कार ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, घटनास्थल पर मची चीख-पुकार; पुलिस ने घायलों को तत्काल पहुंचाया अस्पताल
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलसिया गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास में सामने चल रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे में प्रमिला (51) पत्नी स्वर्गीय राजनाथ चौहान निवासी मकसुदिया और दिनेश (45) पुत्र पतिराज हरिजन निवासी नियाउज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंतर्ध्यानी (60) पत्नी राम लवटन गौड़ निवासी करौजा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में सात लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायलों में मो. अतहर (19), मो. उमैर (17), यूसुफ (19), शादान (17), मुस्तकीन (23) और मो. अशरफ (38) सहित अन्य लोग शामिल हैं। बताया गया कि टेंपो में पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन की मौत हो गई और दो घायल हुए। वहीं स्विफ्ट कार में चालक समेत चार लोग सवार थे, जो दुर्घटना में घायल हो गए।
हादसे के बाद कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह की तत्परता की चर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई तथा पुलिस टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।हादसे के बाद जिस तत्परता और जिम्मेदारी के साथ पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने तथा घटनास्थल की स्थिति संभालने में भूमिका निभाई, वह सराहनीय रही। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह की सक्रियता से राहत कार्य में तेजी आई और पुलिस ने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाली प्रमिला के पति की दो वर्ष पूर्व कैंसर से मौत हो चुकी थी। उनके परिवार में दो बेटे योगेंद्र (20), नागेंद्र (18) और दो बेटियां करीना (17), रबीना (16) हैं। मां की मौत से चारों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। परिवार पहले ही पिता को खो चुका था, अब इस हादसे ने बच्चों से मां का सहारा भी छीन लिया।वहीं दिनेश की मौत से उनकी पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश की कोई संतान नहीं थी। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।इस संबंध में फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।



