आजमगढ़:धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़क पर उतरे डीआईजी सुनील कुमार सिंह, बाजारों में किया पैदल भ्रमण

भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; जनता से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील

आजमगढ़। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने आज आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाजारों में उमड़ी भीड़, दुकानों पर हो रही खरीदारी और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। डीआईजी के स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने से पुलिस महकमे में भी सक्रियता देखने को मिली।पैदल भ्रमण के दौरान डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर बाजारों में काफी उत्साह का माहौल है।

महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। खिलौनों, पटाखों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और मिठाइयों की दुकानों के साथ सराफा बाजार में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अच्छी खासी खरीदारी हो रही है।उन्होंने बताया कि त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर यातायात को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। लगभग 3 से 3.5 हजार पुलिसकर्मियों को वर्दी और सादे कपड़ों में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है,ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम जनता को पूरी सुरक्षा मिले और लोग बिना किसी परेशानी के उत्साह एवं आनंद के साथ खरीदारी कर सकें तथा त्योहार मनाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने आमजन से अपील की कि धनतेरस और दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और उमंग के साथ मनाएं। आतिशबाजी निर्धारित स्थानों पर ही करें और इस बात का विशेष ध्यान रखें कि पटाखों से किसी दूसरे व्यक्ति को परेशानी या नुकसान न पहुंचे।डीआईजी सुनील कुमार सिंह का स्वयं बाजारों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करना और आमजन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। उनकी इस पहल से व्यापारियों, दुकानदारों और बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति भरोसा मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button