Azamgarh News:दो घंटे की तलाश के बाद सात वर्षीय गुमशुदा बालक को पुलिस ने सकुशल खोज निकाला, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने नया चौक से बालक को बरामद कर परिजनों को सौंपा

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज कस्बे में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सात वर्षीय बालक अचानक लापता हो गया। बालक के गुम होने से परिजन काफी परेशान हो गए। सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस सक्रिय हो गई और महज दो घंटे की तलाश के बाद बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को शाम करीब पांच बजे मुहम्मदपुर निवासी अबुशाद का सात वर्षीय पुत्र हंजला कस्बा बिलरियागंज में कहीं गुम हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बालक का पता नहीं चलने पर परिजन चिंतित हो उठे। मामले की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम को तत्काल बालक की तलाश में लगाया।

पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में सक्रियता से खोजबीन शुरू की। इसी दौरान शाम करीब सात बजे बालक हंजला को नया चौक बिलरियागंज से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बालक को परिजन मुहम्मद कैफ के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।

बालक को बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव तथा महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय शामिल रहीं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार की चिंता दूर हुई और पुलिस के मानवीय चेहरे की सराहना हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button