Azamgarh News:गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शिक्षण व्यवस्था होगी पहली प्राथमिकता : पंकज कुमार मिश्रा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बीआरसी पटवध कौतुक पर नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी ने संभाला कार्यभार, शिक्षक नेताओं ने माल्यार्पण कर किया भव्य स्वागत
आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के बीआरसी पटवध कौतुक पर नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर शिक्षक नेताओं एवं शिक्षकों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा और सरकार की नीतियों के अनुरूप विद्यालयों में शिक्षण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मूल रूप से अंबेडकर नगर जनपद के निवासी पंकज कुमार मिश्रा इससे पूर्व बलिया जनपद में तैनात थे। अब उन्हें आजमगढ़ जनपद में तहबरपुर एवं बिलरियागंज विकासखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पूर्व यहां खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत जगदीश यादव का स्थानांतरण जौनपुर जनपद में हो गया है।
स्वागत समारोह में शिक्षक नेताओं एवं शिक्षकों ने नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर योगेंद्र यादव, विनोद सोनकर, महेंद्र पुरी, वंदना राय, पंकज राय, ज्ञान शंकर राय, अनिल श्रीवास्तव, प्रवीण मिश्रा, रीना अग्रवाल सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी राम बदन यादव ने किया।



