जौनपुर में दिनभर हलचल:कुएं में दम घुटने से दो की मौत 47 सिपाही लाइन हाजिर,इनामी असलहा तस्कर गिरफ्तार

Jaunpur stirred up all day: Two died after suffocating in a well, 47 constables were put on duty, and a reward-bounty arms smuggler was arrested.

कुएं में मोनोब्लॉक मशीन से निकले धुएं ने ली दो कर्मचारियों की जान, दम घुटने से मौत

जौनपुर।केराकत थाना क्षेत्र में कुएं के अंदर काम करते समय धुएं से दम घुटने के कारण दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम करीब चार बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।जानकारी के मुताबिक, दोनों कर्मचारी कुएं के अंदर मोनोब्लॉक मशीन बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन से अचानक धुआं निकलने लगा। कुएं के अंदर धुआं भरने और ऑक्सीजन की कमी के चलते दोनों कर्मचारियों का दम घुटने लगा। हादसे में शिवबालक (25), पुत्र बिंदु, निवासी शेषा पट्टी, थाना केराकत और कन्हैया लाल चौहान (50), पुत्र भगेलू चौहान, निवासी सुचितपुर भोगी पट्टी, थाना केराकत की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि शिवबालक रस्सी के सहारे कुएं से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन हाथ छूटने से वह फिर कुएं में गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।

गोवध व पशु क्रूरता के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

जौनपुर। बदलापुर थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त को दुगौली खुर्द तिराहे के पास ग्राम शाहपुर से गिरफ्तार किया।पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बदलापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त विशाल पुत्र अमिंदराज, निवासी भोगवारा, थाना फूलपुर, जनपद प्रयागराज, थाना बदलापुर में दर्ज मुकदमा संख्या 543/26, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उसे 28 नवंबर को सुबह 9:40 बजे दुगौली खुर्द तिराहे के पास, ग्राम शाहपुर से गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार गौतम और कांस्टेबल मुकेश चौरसिया शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुरानी रंजिश में हवाई फायरिंग, गांव में दहशत; बाइक सवार चार युवकों पर आरोप

जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के मेढ़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार चार युवकों पर घर के सामने चार राउंड और बाजार में दो राउंड हवाई फायरिंग करने का आरोप है। गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद बाइक सवार युवक वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तीन खोखे बरामद किए।मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर गांव में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।

मिर्जापुर का 50 हजार का इनामी असलहा सप्लायर जौनपुर में गिरफ्तार

जौनपुर।अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ जौनपुर पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मछलीशहर पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय असलहा तस्कर सुनील दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मिर्जापुर जिले का निवासी है और उसके खिलाफ प्रयागराज, मिर्जापुर एवं जौनपुर में आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुराफगुई नहर पुलिया (प्राइवेट बस अड्डे) के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों से आ रहे तीन आरोपियों शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार देशी तमंचे, चार देशी पिस्टल, छह मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया था कि मिर्जापुर निवासी सुनील दुबे उन्हें बिक्री के लिए अवैध असलहे उपलब्ध कराता था। इसके बाद वे सुनसान रास्तों का इस्तेमाल कर पुलिस से बचते हुए विभिन्न स्थानों पर असलहों की बिक्री करते थे। इस मामले में थाना मछलीशहर में मुकदमा संख्या 280/2026 दर्ज किया गया था। तभी से सुनील दुबे वांछित चल रहा था।सुनील दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक जौनपुर की ओर से पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में आठ सितंबर 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।पुलिस के मुताबिक, शनिवार 28 नवंबर को मछलीशहर थाने के उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ खाखोपुर पिकेट पर मौजूद थे। इसी दौरान एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह और उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव ने सूचना दी कि वांछित असलहा तस्कर सुनील दुबे मछलीशहर की तरफ से प्रयागराज जाने वाला है।सूचना पर दोनों टीमों ने पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर सुनील दुबे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील दुबे पुत्र रामशिरोमणि दुबे, निवासी ग्राम हरसड़, पोस्ट बरडीहा, थाना हलिया, जनपद मिर्जापुर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई।पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह अवैध असलहों की सप्लाई करता था और पुलिस से बचने के लिए रात में सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करता था। उसने बताया कि वह पहले बेचे गए असलहों की रकम वसूलने बंधवा आया था। रकम नहीं मिलने पर प्रयागराज जाने के लिए साधन तलाश रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक पिस्टल करीब 30 हजार रुपये और एक तमंचा करीब पांच हजार रुपये में बेचता था।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्रयागराज के नैनी थाने में एक, मिर्जापुर के कछवां थाने में तीन और जौनपुर के मछलीशहर थाने में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।इस कार्रवाई में मछलीशहर पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल सर्वेश तोमर, कांस्टेबल श्यामू कुमार चौहान, सौरभ कुशवाहा, नीलेश गोंड और जैनुद्दीन शामिल रहे। वहीं एसटीएफ वाराणसी की टीम में निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार पाठक, शहाबुद्दीन अंसारी, अजय कुमार जायसवाल, अवनीश कुमार सिंह, कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार यादव और चालक राजेश कुमार उपाध्याय शामिल रहे।

विशेष लोक अदालत में 280 मोटर वाहन चालान निस्तारित, 62,299 रुपये पर हुआ समझौता

जौनपुर।जनपद न्यायालय परिसर जौनपुर में शनिवार को मोटर दुर्घटना अधिनियम के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में कुल 280 मामलों का निस्तारण करते हुए 62,299 रुपये की समझौता राशि तय कराई गई।माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन में विशेष लोक अदालत आयोजित हुई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत रणजीत कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जेबा रऊफ की देखरेख में कार्यक्रम संपन्न हुआ।विशेष लोक अदालत का शुभारंभ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अनिल कुमार यादव प्रथम ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रोत्साहित किया।लोक अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विवेक कुमार सिंह द्वितीय ने 1449 मुकदमे प्रस्तुत किए, जिनमें से 268 मामलों का निस्तारण करते हुए 58,399 रुपये की समझौता राशि तय कराई गई। अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन पंचम ने 10 मुकदमों में से तीन का निस्तारण कर 600 रुपये, एसीजेएम प्रथम ने पांच मुकदमों में से दो का निस्तारण कर 400 रुपये तथा सिविल जज सीनियर डिवीजन/एफटीसी ने 150 मुकदमों में से पांच का निस्तारण कर 2,500 रुपये की समझौता राशि तय कराई।वहीं, एसीजेएम तृतीय ने 150 मुकदमों में से दो मामलों का निस्तारण कर 400 रुपये की समझौता राशि निर्धारित कराई। इस प्रकार विशेष लोक अदालत में कुल 280 मामलों का निस्तारण करते हुए 62,299 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण, सिविल एवं फौजदारी न्यायिक अधिकारी, न्यायालय कर्मचारी, पीएलवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

जौनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जौनपुर।प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा जर्जर तारों और विद्युत खंभों को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने और किसानों की सिंचाई जरूरतों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने को कहा। पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को भी स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए।जल जीवन मिशन की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने और प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। जल निगम की परियोजनाओं के चलते खोदी गई सड़कों को भी शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने को कहा।कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। धान खरीद केंद्रों पर पर्याप्त बोरे और किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नहरों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार टेल तक पानी पहुंचाने को कहा।स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डेंगू प्रभावित मरीजों की जानकारी लेते हुए जिला चिकित्सालय, सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सकों, दवाओं एवं बेहतर उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। समाज कल्याण सहित अन्य विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाए और क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।बैठक में विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आरके पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर डीएम नाराज, अधिकारियों को अगले माह तक ए-बी श्रेणी में आने का निर्देश

जौनपुर: 28 नवंबर। जिलाधिकारी उमेश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के तहत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में खराब रैंकिंग वाले विभागों के प्रति नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई और अगले माह तक प्रगति सुधारकर ए अथवा बी श्रेणी में आने का निर्देश दिया गया।समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों और विभागीय प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। सी और डी श्रेणी में आने वाले विभागों को विशेष रूप से सुधार के निर्देश दिए गए।निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन परियोजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण स्थलों पर स्वीकृत बजट, कार्य की वर्तमान स्थिति, निर्धारित पूर्णता तिथि और परियोजना से संबंधित जरूरी जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित करने को कहा।विद्युत विभाग की समीक्षा में ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली बिल संशोधन से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा विभाग को जननी सुरक्षा योजना की प्रगति सुधारने को कहा गया। वहीं, फैमिली आईडी निर्माण में खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए।बैठक में सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाएं, पशुपालन, छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में परियोजनाओं को पूरा करने तथा लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। कार्यों में लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक केके पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के मंडल महामंत्री प्रदीप पांडेय की माता का निधन, शोक की लहर

जौनपुर।ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, मंडल वाराणसी के महामंत्री एवं पत्रकार प्रदीप कुमार पांडेय की माता मालती देवी (पत्नी स्व. शायनाथ पांडेय) का शनिवार सुबह 9 बजे अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों और पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।मालती देवी के निधन पर लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 6 बजे जौनपुर के रामघाट पर किया जाएगा।ईश्वर दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें तथा प्रदीप कुमार पांडेय और उनके शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

20 फीट गहरी खाई में गिरा टैंकर, तेल रिसाव से मंडराया बड़े हादसे का खतरा

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के पास एक अनियंत्रित टैंकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद टैंकर से लगातार तेल का रिसाव होने से आसपास खतरा बढ़ गया है। तेल रिसाव के बीच सड़क से गुजरने वाले वाहनों पर भी हादसे का खतरा मंडरा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से खाई में गिरे टैंकर को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, टैंकर से लगातार हो रहे तेल रिसाव के चलते मौके पर सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।टैंकर से तेल रिसाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित जिम्मेदार विभागों की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का सवाल है कि आखिर तेल रिसाव रोकने और संभावित खतरे से निपटने के लिए प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?

एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बदली थानों की कमान, कई अधिकारियों को नई तैनाती

जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत विभिन्न थानों में नए प्रभारियों की तैनाती की गई है, जबकि कुछ पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।महेंद्र कुमार सिंह को शाहगंज थाना, रमेश यादव को जफराबाद थाना और पवन कुमार उपाध्याय को सिकरारा थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं, दीनदयाल पांडे को लाइन बाजार का कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।इसके अलावा अखिलेश कुमार को मीरगंज थाना और लक्ष्मण विक्रम सिंह को केराकत कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के रूप में पन्नेलाल और विपिन कुमार सिंह की तैनाती की गई है।वहीं, केराकत, मछलीशहर और महिला थाने के पूर्व प्रभारियों को गैर जनपद स्थानांतरण के क्रम में कार्यमुक्त कर दिया गया है। मीरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह को एसओजी में भेजा गया है।पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जौनपुर पुलिस विभाग में हड़कंप: 47 सिपाही लाइन हाजिर, रिश्वत-वसूली की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई

जौनपुर। लखनऊ लूटकांड में पुलिसकर्मी की संलिप्तता उजागर होने के बाद जौनपुर पुलिस महकमे में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। रिश्वतखोरी और वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जिले के विभिन्न थानों में तैनात 47 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी की ओर से कराई गई गोपनीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिश्वत लेने और वसूली से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को लेकर एसपी ने गोपनीय जांच कराई। जांच के बाद 47 सिपाहियों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वसूली और रिश्वतखोरी में संलिप्त थे। ऐसी शिकायतों से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होने की बात सामने आई थी। हालांकि, लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतों की प्रकृति और जांच के निष्कर्षों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

विशेष अभियान दिवस पर जौनपुर के बूथों का निरीक्षण करेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी

जौनपुर।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत 28 और 29 नवंबर को जनपद में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है।विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों (बूथों) पर की जाने वाली व्यवस्थाओं और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण एवं आकलन किया जाएगा। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ से विशेष कार्याधिकारी शिव प्रताप शुक्ल जनपद का भ्रमण करेंगे।28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को निर्धारित विशेष अभियान दिवसों के दौरान संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, बूथों पर व्यवस्थाओं और बीएलओ की कार्यप्रणाली का जायजा लेना है, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

कोतवाली पुलिस ने पाक्सो एक्ट के वांछित को दबोचा

जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने पाक्सो एक्ट से संबंधित मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरमस खान पुत्र शाहिद खान, निवासी तारापुर तकिया, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई है।पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चन्द्रशेखर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 296/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।उक्त मुकदमे में बीएनएस की धारा 64(1), 137(2), 351(3) तथा पाक्सो एक्ट की धारा 5(L)/6 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, सरायपोख्ता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अवनीश दुबे और हेड कांस्टेबल राकेश कुमार सिंह शामिल रहे।

शास्त्री ब्रिज के पास सड़क किनारे मिला बुजुर्ग का शव, इलाके में मची सनसनी

जौनपुर। शास्त्री ब्रिज के पास प्रेमगढ़ वस्त्रालय के नजदीक सड़क किनारे एक बुजुर्ग का अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मछलीशहर के कृपा शंकर नगर में कथित देह व्यापार के ठिकाने पर छापेमारी, इलाके में मचा हड़कंप*ल

जौनपुर। मछलीशहर कस्बे के कृपा शंकर नगर में कथित देह व्यापार के ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की अचानक पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी और मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।बताया जा रहा है कि पुलिस को कृपा शंकर नगर स्थित एक स्थान पर कथित अनैतिक गतिविधियों के संचालन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से संबंधित स्थान पर हलचल मच गई।छापेमारी के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान कितने लोग मौके पर मिले, क्या बरामदगी हुई और संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कदम उठाए गए, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई संबंधी विवरण सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जौनपुर में तैनात पुलिसकर्मी का नाम सोने की लूटकांड में आया सामने, लखनऊ पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा

जौनपुर। लखनऊ में स्वर्ण कारोबारी से सोने के आभूषण लूटने के मामले में जौनपुर से जुड़े आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। दिल्ली निवासी स्वर्ण कारीगर जौनपुर के सर्राफा कारोबारियों को आभूषण पहुंचाकर वापस दिल्ली लौट रहा था, तभी लखनऊ में उसके साथ लूट की घटना हुई। मामले की जांच में जौनपुर में तैनात एक पुलिसकर्मी का नाम भी सामने आया है।लखनऊ पुलिस ने इस लूटकांड में जौनपुर निवासी प्रीतम सोनी और तिलक मांझी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान जौनपुर में तैनात पुलिसकर्मी विनय शंकर की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस की जांच में लूट की साजिश जौनपुर से रचे जाने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 844 ग्राम सोने के आभूषण, 1.82 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।लखनऊ पुलिस की कार्रवाई के बाद जौनपुर में तैनात पुलिसकर्मी का नाम सामने आने से पुलिस महकमे में भी मामला चर्चा का विषय बना है। हालांकि, मामले में सभी आरोपों और संलिप्तता की पुष्टि जांच एवं आधिकारिक कार्रवाई के आधार पर ही होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button