Azamgarh News:शाहगढ़ पीएचसी में गंदगी देख भड़के सीएमओ, तत्काल सुधार के निर्देश

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

शाहगढ़ पीएचसी में गंदगी देख भड़के सीएमओ, तत्काल सुधार के निर्देश

तीन स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण, जन आरोग्य मेले में 1,906 मरीजों का पंजीकरण; 93 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच**

आजमगढ़। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने निकले मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा को शाहगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक मिली। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सीएमओ ने सठियांव विकासखंड के शाहगढ़ एवं सलारपुर नेठी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और मुबारकपुर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। तीनों केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले।

25 अक्टूबर 2026 को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की जनपद स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार, जिले में निर्धारित सभी 76 मेलों का आयोजन किया गया। इनमें 84 चिकित्सकों और 265 पैरामेडिकल कर्मियों ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। मेले में कुल 1,906 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 803 पुरुष, 820 महिलाएं और 283 बच्चे शामिल रहे। वहीं, 55 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड संबंधी सुविधा दी गई तथा 201 मरीजों की कोविड हेल्प डेस्क पर जांच की गई।

मेले में मधुमेह के 324, गैस्ट्रो संबंधी समस्याओं के 301, त्वचा रोग के 235, श्वसन संबंधी समस्याओं के 208 और उच्च रक्तचाप के 120 मरीज दर्ज किए गए। इसके अलावा यकृत संबंधी रोग के 41, एनीमिया के 34 और टीबी के पांच मरीज पहुंचे। अन्य बीमारियों से पीड़ित 760 मरीजों का भी पंजीकरण किया गया। कुल 93 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई, जबकि 112 कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया गया। गंभीर स्थिति अथवा आवश्यकता के अनुसार चार मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर किया गया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाएं और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आमजन को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button