आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 लख रुपए के सोने चांदी के आभूषण के साथ शातिर गिरफ्तार
Azamgarh police arrests criminal with gold and silver jewellery worth Rs 30 lakh
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बनगांव में घर के अंदर रखे बक्से का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, बनगांव निवासी अरविन्द जायसवाल ने 17 नवंबर को थाने में तहरीर देकर बताया कि 15/16 नवंबर की रात अज्ञात चोर उनके घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर कीमती सामान और जेवरात चोरी कर ले गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 219/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) व 305(क) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 नवंबर को दीदारगंज थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सोंगर पुलिया, ग्राम भादो के पास चेकिंग के दौरान सफेद कार सवार अशोक कुमार यादव (40), पुत्र स्वर्गीय सूर्यनाथ यादव, निवासी बनगांव, थाना दीदारगंज को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वादी के घर आता-जाता था और परिवार के सदस्यों से घुला-मिला होने के कारण उसे घर में रखे सामान की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने छठ पर्व के दौरान घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़ा और जेवरात चोरी कर लिए। चोरी के आभूषण बेचने के लिए वह जौनपुर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां, करधनी, माला, मांग टीका, नथिया, कान के फूल, टॉप्स तथा चांदी की पायल व करधनी समेत करीब 30 लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मानवेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल हितेन्द्र यादव, दयाशंकर यादव, सतेन्द्र गुप्ता तथा सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल उमेश कुमार शामिल रहे।



