आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, कमरे में पकड़े गए दोनों;परिजनों ने मंदिर में करा दी शादी
A lover arrived at midnight to meet his girlfriend, both were caught in the room; relatives arranged their marriage in a temple.
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने युवक को कमरे में बंद कर दिया। सुबह दोनों पक्षों के बीच करीब 12 घंटे तक चली पंचायत के बाद प्रेमी-प्रेमिका की मंदिर में शादी करा दी गई। शादी के बाद प्रेमी अपनी नवविवाहिता को लेकर घर चला गया। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र की खौद चौकी अंतर्गत एक गांव का है। जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का अजीमनगर क्षेत्र की युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की कसमें खाते थे।
बताया जाता है कि मंगलवार देर रात प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। फोन पर बातचीत के बाद प्रेमिका ने दरवाजा खुलवा दिया। इसके बाद दोनों घर के एक कमरे में चले गए। इसी दौरान घरवालों को कुछ आहट सुनाई दी तो उनकी नींद खुल गई। परिजनों ने जब कमरे में जाकर देखा तो दोनों को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया।इसके बाद परिवार के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और युवक को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। युवक के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर उसके परिजन भी कुछ संभ्रांत लोगों के साथ वहां पहुंच गए।इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत शुरू हुई, जो करीब 12 घंटे तक चली। लंबी बातचीत और समझौते के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद प्रेमी-प्रेमिका को मंदिर ले जाया गया, जहां दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाह की रस्में पूरी कीं।शादी के बाद युवक अपनी पत्नी को लेकर अपने घर चला गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में करीब 12 घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी।



