Azamgarh:भारतीय डाक विभाग नवरात्रि के शुभ अवसर पर 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक सुकन्या समृद्धि खाता खोलने का चलाएगी महा अभियान

भारतीय डाक विभाग नवरात्रि के शुभ अवसर पर 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक सुकन्या समृद्धि खाता खोलने का चलाएगी महा अभियान

 

रिपोर्टर राकेश श्रीवास्तव
भारतीय डाक विभाग नवरात्र के शुभ अवसर पर दिनाँक 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2024 के मध्य सुकन्या समृद्धि खाता खोलने हेतु व्यापक जनसंपर्क एवं विशेष अभियान चलाएगा। सुकन्या समृद्धि योजना, भारत सरकार की एक बचत योजना है जिसका लक्ष्य बालिकाओं के भविष्य को संवारना है। यह योजना माता-पिता को अपनी बेटी के भविष्य की शिक्षा के लिए एक कोष बनाने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह योजना माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी, 2015 को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत प्रारंभ किया गया था। यह योजना वर्तमान में 8.2 प्रतिशत की ब्याज दर और कर लाभ प्रदान करती है। यह खाता किसी भी डाकघर में खोला जा सकता है।
प्रवर अधीक्षक डाकघर श्री अखिलेश कुमार ने बताया कि खाता बालिकाओं के जन्म से 10 वर्ष की आयु के बीच कभी भी खोला जा सकता है। इस योजना में एक बालिका के नाम पर केवल एक ही खाता खोला जा सकता है। माता-पिता अधिकतम दो बालिकाओं का खाता खोल सकते हैं। (जुड़वाँ के लिए अपवाद) इस खाते को भारत के किसी भी डाकघर में स्थानांतरित किया जा सकता है।
सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के साथ ही साथ माता-पिता अपनी बालिकाओं का निःशुल्क आधार नामांकन भी डाक विभाग के माध्यम से करा सकते है। यह खाता कम से कम 250 रूपये से खोला जा सकता है। इसके बाद 50 रूपये के गुणकों में कोई भी राशि जमा की जा सकती है। हालाँकि, प्रत्येक वित्तीय वर्ष में जमा करने की अधिकतम सीमा राशि 1,50,000 रूपये है। यह राशि एकमुश्त या कई किस्तों में जमा की जा सकती है। खाते में धनराशि, खाता खोलने की तिथि से 15 वर्ष पूरे होने तक जमा की जा सकती है। खाता 18 वर्ष की आयु में उच्च शिक्षा उद्देश्यों के लिए 50 प्रतिशत निकासी की अनुमति देता है। खाता, खोलने की तारीख से 21 वर्ष की समयावधि के बाद परिपक्व होता है।
सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र (नगर निगम/ब्लाक स्तर से अवश्य निर्गत हो), बालिका के आधार कार्ड की प्रति एवं एक फोटो, अभिभावक (माता-पिता में से कोई एक) का आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की प्रति एवं फोटो संलग्न करना अनिवार्य है।

 

Related Articles

Back to top button