आकांक्षा बनी एक दिन के लिए जिले की सांकेतिक डीएम
पीड़ित महिलाओं व फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारी को निस्तारण का दिया उन्होंने निर्देश

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के अन्तर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बुधवार को डीएम द्वारा हाईस्कूल में प्रदेश में 10वी रैंक टॉपर आकांक्षा निवासी बयावं ज्ञानपुर को एक दिन का ‘सांकेतिक जिलाधिकारी नियुक्त करते हुए बुके व उपहार देकर सम्मानित किया गया। डीएम की कुर्सी पर बैठनेे के पश्चात टॉपर आकांक्षा ने फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए डीएम के पद एवं दायित्वों के निर्वहन की सीख ली।
इस दौरान अफसर बनी छात्रा ने फरियादियों की शिकायतों को सुना एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। सांकेतिक रुप से एक दिन की डीएम आकांक्षा ने कहा कि वह भविष्य में यूपीएससी की तैयारी करके आईएएस बनना चाहती है। प्रतीकात्मक डीएम आकांक्षा ने अपने मनोविचार साझा करते हुए कहा कि डीएम की कुर्सी पर बैठकर मुझे बहुत ही गर्व महसूस हो रहा है। इस दौरान टॉपर छात्रा ने बताया कि मैं भी बड़ी होकर डीएम बनना चाहती हूं। मैं अपनी बहनों से अपेक्षा करती हूं कि वह भी पढ़ लिखकर अच्छे पदों पर आसीन होकर समाज, देश व महिलाओं और बच्चों की सेवा करें, जिससे हमारा देश आत्मनिर्भर बन सकें। डीएम विशाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा मिशन शक्ति फेज-5 कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। जिसके अंतर्गत अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में हाईस्कूल की टॉपर बालिका को एक दिन का सांकेतिक डीएम बनाया गया। डीएम ने कहा कि मेधावी छात्राओं को एक दिन का डीएम बनाकर यह एहसास दिलाया जा रहा है कि यदि आप मेहनत करेंगे तो ऊंचे से ऊंचे पदों पर पहुंचकर देश एवं प्रदेश के योगदान में बड़ी से बड़ी भूमिका को निभा सकते हैं।
इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कनौजिया, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ,जिला सूचना अधिकारी डॉ पंकज कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।



