बच्चे को दवा दिलाकर घर जा रही महिला को डंपर ने मारी टक्कर, मौत
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को लिया हिरासत में

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। औराई थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के नीचे बुधवार को डंपर की चपेट में आने से बच्चे को दवा दिलाकर घर जा रही एक महिला की मौत हो गई। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उक्त थाना क्षेत्र के उपरौठ गांव निवासी विजय कुमार की पत्नी आंचल (30 वर्ष) अपने बच्चे को दवा दिलाने के लिए औराई आई हुई थी। दवा लेने के बाद आंचल घर जाने के लिए वहां से निकली। वह जैसे ही बच्चे के साथ ओवरब्रिज के नीचे पहुंची ही थी कि अचानक आए एक डंपर की चपेट में आ गई। जिसके चलते महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के सहयोग से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के मौत की खबर जैसे ही परिजनों को हुई तो वें रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। इस मौत से वहां पर मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे। आस-पास के लोग शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम करने लगें। हालांकि प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार श्रीवास्तव ने सभी को समझा-बुझाकर उनके गुस्से को शांत कराया और चक्का जाम होने नहीं दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।



