विकास कार्यों में शिथिलता व लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त: डीएम
डीएम ने की सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को डीएम विशाल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। सितम्बर माह में विकास कार्यों का प्रतिशत 92.06 है। कुल 77 कार्यक्रमों की ग्रेडिंग में ए प्लस-51, ए-3, बी 4 व सी-2, ई-4 आदि है।
इस अवसर पर डीएम ने लम्बित कार्यों से सम्बन्धित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्यों का निष्पादन समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें। विकास कार्यों में शिथिलता व लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। सीएम डैशबोर्ड की प्रगति रिपोर्ट माह सितम्बर 2024 में खराब श्रेणी -सी, डी एवं ई वाले इंडिकेटर में रहने वाले विभाग व कार्यों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि ए प्लस या कम से कम ए श्रेणी में लाने का पूरा प्रयास करें। अगले माह की समीक्षा बैठक में इस माह में प्राप्त ग्रेड से उच्च ग्रेड में नहीं आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सितम्बर माह में ई-श्रेणी में प्रदर्शित कार्य दैनिक विद्युत आपूर्ति घण्टे ग्रामीण, फैमिली आईडी, सी-श्रेणी में प्रदर्शित कार्य डे एनआरएलएम बीसी सखी, निपुर्ण परीक्षा आकलन योजना में प्रदर्शन खराब होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अगले माह की मासिक बैठक अपेक्षित प्रगति करने का निर्देश दिया। उन्होंने एक करोड़ से अधिक लागत वाले परियोजना से सम्बन्धित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि समय-समय पर उनके द्वारा निरीक्षण कर प्रत्येक माह की मासिक बैठक से पूर्ण प्रगति रिपोर्ट जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने फैमिली आईडी के सम्बन्ध में बताया कि जिनके पास राशन कार्ड है। उनके राशन कार्ड की संख्या ही फैमिली आईडी है। इसके अतिरिक्त जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नही है। उन्हें अपनी फैमिली आईडी पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु फैमिली आईडी से सहूलियत होगी। जो परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नही कर रहे है। वे भी स्वेच्छा से फैमिली आईडी प्राप्त कर सकते है। प्रत्येक फैमिली आईडी पंजीकरण हेतु परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड होना जरूरी है। परिवार का कोई वयस्क सदस्य जो फैमिली आईडी हेतु स्वयं एवं परिवार के अन्य सदस्यों की ओर से ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। स्वीकर्ता अधिकारी शहरी क्षेत्रों में सम्बन्धित क्षेत्रों में एसडीएम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सम्बन्धित बीडीओ करेंगे। डीएम ने अन्य विभागों की भी समीक्षा की।
इस मौके पर सीडीओ डॉ.शिवाकांत द्विवेदी, सीएमओ डॉ.संतोष कुमार चक, डीईएसटीओ शशिकांत, उपनिदेशक कृषि डॉ.अश्विनी सिंह, उपायुक्त मनरेगा राजाराम, एक्सईडी पीडब्ल्यूडी जैनू राम, पीडीडीआरडीए आदित्य कुमार, जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह सहित सभी अधिशासी अभियंता ,अधिशासी अधिकारी व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।



