भिवंडी फ्लायओवर पर पतंग के मांझे से फिर हुआ हादसा

Another accident happened due to kite string on Bhiwandi flyover

हिंद एकता टाइम्स भिवंडी

रवि तिवारी

भिवंडी – हिंदुहृदय सम्राट स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे फ्लायओवर पर पतंग के मांझे से एक और हादसा सामने आया है। इस घटना में २४ वर्षीय मसूद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। मसूद खान काम से लौटते समय अपनी बाइक से फ्लायओवर पार कर रहे थे, तभी पतंग का मांजा उनके गले में फंस गया। मांजे की वजह से उनका गला कट गया और वह सड़क पर गिर गए। मौके पर मौजूद नागरिकों ने तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। स्थिति गंभीर होने के कारण मसूद को आगे के इलाज के लिए ठाणे के ज्यूपिटर अस्पताल में भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।शहर में पतंग उड़ाने के लिए प्रतिबंधित मांजे का उपयोग धड़ल्ले से जारी है। भिवंडी के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से पतंग और मांजे की बिक्री हो रही है। हालांकि, नगरपालिका के पर्यावरण विभाग ने कुछ स्थानों पर खानापूर्ति के लिए कार्रवाई की है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। पतंग के मांजे से यह फ्लायओवर पर हुई दूसरी घटना है। पिछले सप्ताह भी एक युवक इसी पुल पर मांजे से घायल हुआ था। बीते वर्ष ऐसी ही एक घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही शांतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लायओवर से पतंग के मांजे को इकट्ठा किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पतंग उड़ाने वालों पर नजर रखने और सुरक्षा उपायों को कड़ा करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि शहर में प्रतिबंधित मांजे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके साथ ही फ्लायओवर और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पतंगबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

Related Articles

Back to top button