खादी मेला में विभिन्न हस्तनिर्मित उद्योगों को मिल रहा है एक मंच: डीएम
जनपदस्तरीय खादी तथा ग्रामोद्योगी प्रदर्शनी का डीएम ने किया शुभारंभ

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। उ.प्र.खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विभूति नारायण राजकीय इण्टर कालेज ग्राउंड ज्ञानपुर में खादी उत्सव-2025 के अवसर पर आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत ‘वोकल फार लोकल’ की थीम पर जनपदस्तरीय खादी तथा ग्रामोद्योगी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सोमवार को डीएम विशाल सिंह ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। जो 6 से 12 जनवरी तक चलेगा। पहले दिन प्रदर्शनी में दो लाख रुपए से ऊपर की बिक्री हुई।
इस दौरान सभी अतिथियों द्वारा चरखे पर सूत कातकर व प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टालों के उत्पादों का अवलोकन व महत्व पर चर्चा की। खादी ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना में नगीना देवी को 2 लाख का डेमो चेक व मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में इशांत शर्मा को एक लाख एवं गुफरान अहमद को 2 लाख का डेमो चेक डीएम ने प्रदान किया। साथ ही अन्य पांच लाभार्थियों को भी डेमो चेक व स्वीकृति पत्र दिया गया। कल 30 लाख का लोन का वितरण खादी ग्राम उद्योग विभाग द्वारा किया गया। डीएम ने कहा कि खादी एक वस्त्र ही नहीं अपितु विचार धारा है। आज शासन-प्रशासन खादी बोर्ड के विभिन्न योजनाओं में युवाओं व महिलाओं को आच्छादित कर उन्हें रोजगार
के लिए अनुदान प्रदान कर रहा है। खादी मेला में प्रदेश व देश के विभिन्न हस्तनिर्मित उद्योगों को एक मंच मिल रहा है जहां पर ग्राहक अपनी मनपसंद की चीजों को खरीद कर अपने हुनरमंद भाइयों की आजीविका को गति प्रदान करते हैं। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर महत्त्व देते हुए बताया कि खादी बोर्ड के विभिन्न योजनाओं द्वारा युवाओं को रोजगार देने पर बल दिया गया। वहीं आम जनमानस से अपील किया कि खादी मेले में आकर अपनी आवश्यकता व पसंद की चीजों को खरीदे और अपने स्थानीय भाई बहनों के हाथों को मजबूत करें।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष घनश्याम दास गुप्ता, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजाराम, उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, सहायक विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, पवन कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।



