Jaunpur news:निःशुल्क कोचिंग योजना प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित

रिपोर्ट-शमीम
मड़ियाहूं ,जौनपुर।स्थानीय नगर के स्नातकोत्तर महाविद्यालय मड़ियाहूं जौनपुर में निःशुल्क कोचिंग योजना की प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। 25 सितंबर 2023 को आयोजित हुई इस प्रवेश परीक्षा में पाँच सौ से अधिक छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया था।बताया जाता है कि इस परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न विषयों के आचार्यों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत प्रवेश परीक्षा में शीर्ष सौ अभ्यर्थियों का चयन किया गया है । जिन्हें सामान्य अध्ययन के महत्वपूर्ण विषयों जैसे अर्थशास्त्र, भूगोल, इतिहास, राजनीति, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान तर्क क्षमता जैसे विषयों की तैयारी कराई जाएगी। इन कक्षाओं का संचालन महाविद्यालय के डॉ. विवेक कुमार मिश्र, डॉ. जितेंद्र कुमार पाल, डॉ. विवेक कुमार प्रजापति, डॉ. आशुतोष शर्मा, डॉ.शिवपूजन कुरील, डॉ. योगेश साहू, डॉ. अमिताभ कुमार द्वारा किया जाएगा।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुरेश कुमार पाठक ने बताया कि यह योजना महाविद्यालय के साथ साथ क्षेत्र के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक योजना सिद्ध होगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव में सरकारी अथवा गैर सरकारी नौकरियों से वंचित रह जाने युवाओं को बेहतर रोजगार प्राप्त हो सकेगा। प्राचार्य ने बताया कि मड़ियाहूं महाविद्यालय पूरे पूर्वांचल का एकमात्र ऐसा उच्च शिक्षा संस्थान है जहाँ उच्च शिक्षा आयोग द्वारा चयनित आचार्यों द्वारा इस प्रकार की निःशुल्क कोचिंग योजना संचालित की जा रही है। भविष्य में इस योजना से दूरगामी परिणाम प्राप्त होंगें।



