दिल्ली चुनाव : भाजपा की जीत को शिंदे ने बताया ‘मोदी की गारंटी’ का कमाल

 

मुंबई, 8 फरवरी । दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई। इस चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला। भाजपा की इस शानदार जीत पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने शनिवार को खुशी जताई।

एकनाथ शिंदे ने कहा, “मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं। यह पीएम मोदी की गारंटी का कमाल है कि लोगों ने उन पर विश्वास जताया और इतनी बड़ी जीत मिली है। कई लोग आश्वासन देते हैं लेकिन उन्हें निभाते नहीं। दिल्ली हमारे देश की राजधानी है, जहां भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन को जीत मिली है।”

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे के साथ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन बाद में वह इस लड़ाई को भूल गए। उनके साथ जो लोग थे, जैसे कुमार विश्वास और योगेंद्र यादव, उन्होंने भी साथ छोड़ दिया। भ्रष्टाचार विरोधी यात्रा शुरू हुई लेकिन केजरीवाल खुद भ्रष्टाचार में उलझ गए। दिल्ली के मतदाताओं ने पीएम मोदी पर विश्वास जताया है, जिसके कारण 27 साल बाद यहां भाजपा की सरकार बनी। अब ‘डबल इंजन की सरकार’ काम करेगी और दिल्ली की हालत बदलेगी।

शिंदे ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए फेक नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने संविधान और लोकतंत्र पर बात की, ईवीएम पर आरोप लगाए, लेकिन जनता ने उन्हें उनकी जगह दिखा दी। कांग्रेस तीन बार चुनाव लड़ी और तीनों बार उन्हें शून्य सीटें मिलीं। उनका सफर शून्य से शून्य तक रहा। इसलिए, अब उनके पास कोई नैतिक अधिकार नहीं है कि वह आरोप लगाए, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं और अब कोई भी देश को आर्थिक महासत्ता बनने से नहीं रोक सकता।

 

अधिक अपडेटिंग के लिए बने रहे Hind Ekta Times पर एडिटर आफताब आलम

Related Articles

Back to top button