भाजपा राहुल गांधी को बदनाम करने की बड़ी कोशिश कर रही है:नाना पटोले 

BJP is trying to defame Rahul Gandhi: Nana Patole

महाराष्ट्र /नागपुर/ संसद परिसर में गुरुवार को हुई धक्का-मुक्की में भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत को चोट आई। दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि भाजपा संविधान के खिलाफ है। डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर के खिलाफ उनका गुस्सा कल (बुधवार को) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शब्दों से स्पष्ट हो गया। उस गलत काम को छिपाने के लिए वे झूठी कहानी गढ़ने और राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। यह वह एजेंडा है जिस पर भाजपा काम करती है।कांग्रेस नेता विजय नामदेवराव वडेट्टीवार ने कहा कि सदन में अमित शाह ने बाबा साहेब का अपमान करने वाला भाषण दिया जिसका पूरे देश में विरोध हो रहा है। महाराष्ट्र में भी हम लोगों ने विरोध किया। लेकिन, हमारे कार्यालय को तोड़ने की कोशिश की गई। पत्थर फेंके गए, कुर्सियां फेंकी गईं। क्या ये लोग संविधान में विश्वास रखते हैं? हमने शांतिपूर्वक विरोध किया, लेकिन आप सभी दंगे, झगड़े और तोड़फोड़ के माध्यम से विरोध कर रहे हैं।कांग्रेस कार्यालय पर हुई घटना पर उन्होंने कहा कि हमें पता चला है कि मौके पर मीडिया पहले से पहुंची हुई है और पुलिस बाद में पहुंची। मैं पूछना चाहता हूं कि मौके पर पुलिस ने पहुंचने में क्यों देरी की। इसकी जांच होनी चाहिए। दोषी अगर पुलिस वाले होते हैं तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।बता दें कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर निकाला। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।बताया जा रहा है कि गुरुवार को संसद परिसर में कथित रूप से राहुल गांधी द्वारा भाजपा सांसदों को धक्का मारे जाने से कार्यकर्ता आहत थे। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कांग्रेस कार्यालय पर धावा बोल दिया।

Related Articles

Back to top button