महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना व्दारा धूमधाम से मनाया गया मराठी भाषा दिवस
Marathi Language Day was celebrated with great pomp by Maharashtra Navnirman Sena
हिंद एकता टाइम्स भिवंडी
रवि तिवारी
भिवंडी – महाराष्ट्र के गौरवशाली साहित्यकार कुसुमाग्रज (वि. वा. शिरवाडकर) की जयंती के अवसर पर पूरे राज्य में मराठी भाषा दिवस मनाया गया। इस उपलक्ष्य में महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना द्वारा भिवंडी बस स्थानक पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व मनसे के जिला अध्यक्ष परेश चौधरी ने किया।इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष डी. के. म्हात्रे, भिवंडी लोकसभा अध्यक्ष शैलेश बिडवी, जिला संयोजक मदन पाटील, महिला जिला अध्यक्ष कामिनी खंडागळे, शहर अध्यक्ष मनोज गुलवी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा, बस आगार व्यवस्थापक इमरान पटेल, मुख्य लिपिक चंदू जाधव, बस चालक, कंडक्टर और बड़ी संख्या में यात्री भी इस उत्सव का हिस्सा बने। कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र राज्य गीत के सामूहिक गायन से हुई, जिससे माहौल देशभक्ति और मराठी भाषा प्रेम से सराबोर हो गया। इसके बाद, सभी उपस्थित लोगों ने अपने दैनिक जीवन में मराठी भाषा का अधिकतम उपयोग करने की शपथ ली।मराठी भाषा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मी मराठी, माझी स्वाक्षरी मराठी” अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के तहत एक विशेष फ्लेक्स लगाया गया, जिस पर सभी गणमान्य व्यक्तियों ने मराठी में हस्ताक्षर किए, जिससे भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस आयोजन में एसटी महामंडल के अधिकारी, चालक, कंडक्टर और आम नागरिक भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य मराठी भाषा को संरक्षित और सशक्त बनाना था, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी मातृभाषा का सम्मान और उपयोग करें मनसे नेताओं ने इस अवसर पर कहा कि मराठी भाषा महाराष्ट्र की आत्मा है और इसे संजोकर रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।