लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है हिंदी – प्रो०संतोष कुमार यादव। 

हिंदी हमारी संस्कृति व समाज की धरोहर - प्रो.शम्भुनाथ तिवारी,  बी.आर.डी.बी.डी.पी.जी. कालेज में हिंदी दिवस पर आयोजित हुआ संगोष्ठी। 

 

जिला संवाददाता, देवरिया

 

बरहज: हिंदी दिवस पर शनिवार को स्थानीय बी.आर.डी.बी.डी.पी.जी.कालेज में हिंदी विभाग द्वारा आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रामजी सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो०संतोष कुमार यादव ने कहा कि भाषा हमारी लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है। हिंदी देश की स्वतंत्रता आंदोलन की भाषा भी रही है। सभी गैर हिंदी भाषा भाषियों ने भी हिंदी को राष्ट्र भाषा बनाने की वकालत की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में 80 से 85 प्रतिशत लोग हिंदी भाषा बोलते हैं। दुनिया में भूमंडलीकरण के दौर में भाषाओं पर बहुत व्यापक प्रभाव पड़ा है। तमाम भाषा विलुप्त होने के कगार पर हैं। हमें अपने भाषा पर गौरवान्वित होना चाहिए। हिंदी की भाषा उज्जवल है। आज हिंदी बाजार, व्यापार व संगणक की भाषा बन चुकी है। अध्यक्षीय उद्बोधन करते हुए प्राचार्य प्रो.शम्भुनाथ तिवारी ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति व समाज की धरोहर है। हिंदी राष्ट्र भाषा बननी चाहिए तथा अन्य भाषाओं को भी सम्मान मिलना चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रो०आरती पांडेय ने कहा कि हिंदी भाव की भाषा है। हिंदी उत्थान की भाषा है। यदि हिंदी को उन्नति की ओर ले जाना है तो हर दिन हिंदी दिवस मनाना चाहिए। महात्मा गांधी के मार्गदर्शन में हिंदी को राजभाषा घोषित किया गया। हिंदी हमारी मां है। मां पूजनीय होती है। प्रत्येक को हिंदी भाषा के मान, सम्मान व प्रतिष्ठा के लिए तत्पर रहना चाहिए। सभी भाषाएं हैं लेकिन हिंदी महानदी है।विशिष्ट अतिथि डॉ०सूरज प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भारतेन्दु हरिश्चंद्र की एक कविता से प्रारम्भ किया। कहा कि मनुष्य की पहचान भाषा से ही होती है। आज का दिन मातृभाषा हिंदी के सम्मान का है। हमे अपने दैनिक व्यवहार में हिंदी भाषा का प्रयोग करना चाहिए। मातृ भाषा ही उन्नति का आधार है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती व बाबा राघवदास के चित्र के समक्ष अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके किया। अदिति राजभर ने मंगलाचरण, पुनीता व तरन्नू ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन हिंदी विभाग की शिक्षिका सुश्री कंचन तिवारी ने किया। इस दौरान प्रो०दर्शना श्रीवास्तव, डॉ०अरविन्द पांडेय, डॉ०विनय तिवारी,डॉ०वेद प्रकाश सिंह, डॉ०मंजू यादव, डॉ०प्रज्ञा तिवारी, डॉ०ब्रजेश यादव, डॉ०सज्जन कुमार गुप्ता, डॉ०अजय बहादुर, डॉ०अनुज श्रीवास्तव मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button