Azamgarh :आजमगढ़ में फर्जीवाड़े का खुलासा: अपराधी ने बदले पते से बनवाया पासपोर्ट और हथियार लाइसेंस
आजमगढ़ में फर्जीवाड़े का खुलासा: अपराधी ने बदले पते से बनवाया पासपोर्ट और हथियार लाइसेंस
रिपोर्टर जितेंद्र यादव
आजमगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आपराधिक पृष्ठभूमि वाले एक व्यक्ति ने अपने आपराधिक रिकॉर्ड को छिपाकर पासपोर्ट और लाइसेंसी हथियार हासिल कर लिया। यह मामला तब उजागर हुआ जब धौरहरा, जीयनपुर निवासी एहतेशाम ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी और ठोस कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, धौरहरा निवासी आफताब उर्फ गुड्डू, जो पहले से ही धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 504 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) के तहत आरोपी था, ने साल 2003 में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपना पता बदलवा लिया और नया पासपोर्ट बनवा लिया। इतना ही नहीं, उसने लाइसेंसी पिस्टल भी हासिल कर ली।
जब एहतशाम ने इस फर्जीवाड़े की शिकायत पुलिस से की, तो जांच के दौरान यह साफ हुआ कि आफताब ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे बिलरियागंज थाना क्षेत्र से पासपोर्ट बनवाया। सीओ सगड़ी ने जांच के दौरान पाया कि उसके खिलाफ लंबित आपराधिक मामला होने के बावजूद उसे पासपोर्ट और लाइसेंसी हथियार जारी कर दिया गया था।
यह मामला पुलिस प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर करता है। आफताब उर्फ गुड्डू के खिलाफ पहले से ही गंभीर धाराओं में केस दर्ज था, फिर भी उसे पासपोर्ट और हथियार लाइसेंस कैसे जारी किया गया?
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस प्रशासन को इस फर्जीवाड़े की जानकारी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मामले के तूल पकड़ने के बाद अब आजमगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अगर जांच में घोटाले की पुष्टि होती है, तो आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या ऐसे ही अपराधी सरकारी सिस्टम का फायदा उठाते रहेंगे? यह मामला दिखाता है कि कैसे फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपराधी सरकारी सिस्टम को चकमा देकर संवेदनशील दस्तावेज और हथियार हासिल कर लेते हैं। अब देखने वाली बात होगी कि क्या प्रशासन इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगा या फिर यह भी फाइलों में दफन होकर रह जाएगा?



