भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकालकर भाजपाइयों ने लगाए नारे
भारतीय सेना के सम्मान में निकाली गई थी यह तिरंगा यात्रा
भदोही। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता व भारतीय सेना के सम्मान में भाजपा चौरी मंडल अध्यक्ष संजय सरोज के नेतृत्व में मंगलवार को निदूर गांव में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शक्ति केंद्र बूथ संख्या 393 से प्रारंभ हुई।
इस दौरान निकाली गई यात्रा में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। मंडल अध्यक्ष संजय सरोज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हो रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को समाप्त किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र श्रीवास्तव संजय ने तिरंगे को भारत की शान बताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से भाजपा ने जनभावनाओं को जोड़ने का काम किया है। यात्रा के दौरान भारत माता की जय के नारे लगाए गए और पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। भारत शौर्य तिरंगा यात्रा पूरे गांव में भ्रमण करने के पश्चात समाप्त किया गया।
इस मौके पर मंडल संयोजक निहाला पासी, पंडित सिंह, इंद्रावती सरोज, शीला सरोज, विश्व दिपेश दुबे, वीरेंद्र पटेल, अरुण मौर्य और ओमप्रकाश सरोज समेत कई कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।