आजमगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात:प्रेमिका से मिलने आए युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो पुलिस हिरासत में
A heart-wrenching incident in Azamgarh: A young man who came to meet his girlfriend was beaten to death, two in police custody.

आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव में मंगलवार देर रात दिल को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई, जहां प्रेमिका से मिलने आए एक युवक की स्थानीय लोगों द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह वारदात रात करीब 10 बजे की है और इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृतक युवक की पहचान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी 22 वर्षीय अमित राजभर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित का बरवा गांव की एक लड़की से बीते चार से पांच वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। युवक के परिजन दोनों की शादी के लिए तैयार थे, लेकिन लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। विरोध के बावजूद भी दोनों के बीच मुलाकातें जारी थीं।सूत्रों के अनुसार, मंगलवार की रात अमित अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए चुपके से बरवा गांव पहुंचा। लेकिन उसके वहां पहुंचने की भनक लड़की के परिजनों और गांव के कुछ लोगों को लग गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अमित को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया और कुछ ही देर में एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ लालगंज और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग को लेकर उपजा विवाद था। पुलिस ने घटना में संलिप्तता के शक में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।इधर, इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस मामले में जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।



