सैनिकों के कल्याण के लिए सशस्त्र सेना झंडा दिवस समर्पित- एडीएम
सशक्त झंडा दिवस पर कर्नल विनोद गुप्ता (अ.प्रा.) जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी द्वारा एडीएम सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाया झंडा

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर शनिवार को कर्नल विनोद गुप्ता (अ.प्रा.) जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी द्वारा एडीएम शिव नारायण सिंह सहित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतीकात्मक झंड़े लगाकर दान प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर एडीएम न्यायिक शिवनारायण सिंह ने कहा कि यह दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के सैनिकों के कल्याण के लिए भारत की जनता की ओर से आर्थिक योगदान के लिए समर्पित दिन है। इस धनराशि से कार्यरत, सेवानिवृत्त व शहीद सैनिकों के आश्रितों के कल्याण पर व्यय की जाती है। यह देश की सेना के प्रति सम्मान दिखाने व उन जाबांज सैनिक के प्रति एकजुटता दिखाने का दिन है। जो देश की सुरक्षा में बलिदान हो गए। उन्होने कहा कि आधुनिक सैन्य इतिहास में भारतीय सैनिकों ने हाईफा, रेजागंला, खेमकरन एवं कारगिल के मैदान में जो वीरता एवं शौर्य का प्रदर्शन किया वह विश्व में बेमिसाल है। भारतीय सेना ने प्राकृतिक आपदाओं जो बचाव राहत कार्य किये वह भी भूरि-भूरि प्रशसनीय है। ऐसे में हर नागरिक का दायित्व बनता है कि सैनिक कल्याण कोष में अपना यथा सम्भव योगदान दें। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र सेनाओं के बहादुर जवान देश की सीमाओं की रक्षा में लगे हुए हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर देश के गौरव के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है। इसके अतिरिक्त शांति कालीन विपदाओं जैसे बाढ, भूकम्प आदि के समय जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रतिवर्ष सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर कृतज्ञ राष्ट्र अपने बहादुर सैनिकों की सेवाओं को स्मरण करता है और यथाशक्ति इनके परिवारों के कल्याण के लिए अंशदान देता है।



