गांव में जलभराव से मच्छरों का आतंक, ग्रामीण हो रहे हैं परेशान।
विनय मिश्र ,जिला संवाददाता।
देवरिया।
क्षेत्र में मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया क्षेत्र में नालियों की सफाई नहीं होने के कारण बरसात से जगह-जगह रास्तों में पानी भर जाने से विभिन्न प्रकार के कीड़े व मच्छर पनप रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया मौना गढ़वा, तेलिया कला, तेलिया शुक्ला,आदि गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मच्छर मारने की दवा का छिड़काव नहीं होने के कारण भारी संख्या में मच्छर पनप रहे हैं। जिससे लोगों को दिन रात जीना मुश्किल हो रहा है। लोगों में मौसमी बीमारी फैलने की चिंता सता रही है। मच्छरदानी में नहीं सोने वाले लोग को रात भर मच्छरों के कारण जागना पड़ता है। घरों में सफाई व्यवस्था के बाद भी आलम यह है कि हर घरों में मच्छरों का प्रकोप हो गया है। रात तो रात दिन में भी मच्छरों से लोग परेशान हैं। वही शाम ढलते ही भारी तादाद में मच्छर लोग को परेशान करने लगते हैं। मच्छरों की अधिकता के कारण, मच्छरों की अगरबत्ती काम नहीं कर रही है। पिछले कई साल से मच्छरों की दवा का छिड़काव स्वास्थ्य द्वारा बंद कर दिया गया है। काफी समय से क्षेत्र में फोगिंग भी नहीं हुई है। स्वास्थ्य महकमे की उदासीनता के कारण पानी वाले स्थान पर ब्लीचिंग पाउडर और डीडीटी का छिड़काव कार्य नहीं हो रहा है और ना ही साफ अभियान चलाया जा रहा है।