भाजपा कर रही संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिकरण: दयाशंकर पांडेय
कांग्रेस पार्टी द्वारा औराई ब्लॉक में आयोजित किया गया विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ सम्मेलन
भदोही। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा औराई ब्लॉक के नेवादा गांव में शनिवार को विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं द्वारा भाजपा की केंद्र से लेकर राज्य पर तीखा हमला किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि पार्टी के जिला कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय व सत्यवीर सिंह ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाना है। श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं का राजनीतिकरण कर रही है। दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को खत्म करने की कोशिश में जुटी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का हर एक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी व पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.राजेंद्र दुबे राजन ने कहा कि आजादी के बाद लोकतंत्र की स्थापना हुई। देश में कांग्रेस ने संविधान बचाओ सम्मेलन करके देश के गरीब, मजदूर व दलितों की आवाज उठाई है। बाबा साहब संविधान को बचाने के लिए संघर्ष का एक नया स्वरूप दिया है। देश में संविधान की हिफाजत के लिए कांग्रेस के लोग संकल्प लेकर संगठन की मजबूती के लिए काम करें। अंत में अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे में मारे गए लोगों की याद में 2 मिनट का मौन रखा गया।
इस मौके पर किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर दिलीप मिश्र, मुशीर इकबाल, दीनानाथ दुबे, त्रिलोकीनाथ बिंद, स्वालेह अंसारी, राजेश्वर दुबे, नाजिम अली, सनाउल्लाह शाह, सुबुक्तगीन अंसारी, सरफराज अहमद आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संचालन विनोद सरोज ने किया।