पत्नी ने अवैध संबंध के शक में की पति की गला रेतकर हत्या, बच्चों संग हुई फरार

सरायकेला-खरसावां। झारखंड के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबहनी धीराजगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी ने अवैध संबंधों के संदेह में पति की गला रेतकर और जलाकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने तीन छोटे बच्चों के साथ फरार हो गई। मृतक की पहचान गिरिडीह निवासी राजेश कुमार चौधरी (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कोलाबीरा स्थित डीडी स्टील में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था।
कुछ दिन पहले ही पत्नी के साथ रहने आया था राजेश
राजेश कुमार इससे पहले अपने दोस्तों के साथ समृद्धि अपार्टमेंट में रह रहा था। सोमवार को उसकी पत्नी तीन बच्चों के साथ आदित्यपुर पहुंची और साथ रहने का दबाव बनाया। इसके बाद राजेश ने गोरांगो मुखी नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर एक कमरा लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपती के बीच रोजाना विवाद होता था।
हत्या से पहले आया था एक अज्ञात व्यक्ति
गुरुवार रात को एक अज्ञात व्यक्ति राजेश के घर आया था। पास की दुकानदार के मुताबिक, उसी शाम राजेश पनीर लेने आया था और बताया था कि उसका साला आया है। आशंका है कि उसी रात उस अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसकी पत्नी ने राजेश की हत्या कर दी और बच्चों के साथ फरार हो गई।
शनिवार को दुर्गंध से खुला हत्या का राज
शनिवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर राजेश का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी गला रेतकर और जलाकर हत्या की गई है। खास बात यह रही कि हत्या के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
ससुराल में भी हुआ था झगड़ा
मृतक के भाई ने बताया कि कुछ दिन पहले राजेश की पत्नी गिरिडीह स्थित अपने मायके गई थी, जहां उसने झगड़ा करते हुए कहा था कि वह अब राजेश के साथ नहीं रहेगी। इसके बाद वह बच्चों को लेकर आदित्यपुर आ गई थी।
पुलिस ने जताया पत्नी पर शक, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया और थाना प्रभारी विनोद तिर्की मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी पर ही संदेह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके और समय की पूरी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, पत्नी और उस अज्ञात व्यक्ति की तलाश जारी है।



