Azamgarh news:भाजपा सम्मेलन में हंगामा, महिला पदाधिकारी का आरोप, नेताओं ने किया शोषण
Uproar at BJP convention, woman office-bearer alleges harassment by leaders

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आज़मगढ़ जिले में पहले से ही संगठनात्मक मतभेदों से जूझ रही भाजपा के लिए बृहस्पतिवार का दिन और मुश्किलें लेकर आया, जब आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यक्रम के दौरान एक महिला पदाधिकारी ने मंच से ही पार्टी नेताओं पर गंभीर आरोप लगा दिए। हरिऔध कला केंद्र में चल रहे कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के सामने ही महिला मोर्चा की पदाधिकारी अनीता सिंह ने कहा कि पार्टी में महिलाओं का शोषण होता है और चाहें तो वह संबंधित नाम भी उजागर कर सकती हैं। भाजपा महिला मोर्चा नगर महामंत्री अनीता सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें 7 जनवरी को फोन कर मेन बॉडी का अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी दी गई और जिला कार्यालय बुलाने के बाद सर्किट हाउस ले जाकर चार घंटे तक बैठाया गया। उनके अनुसार, इस दौरान सम्मान समारोह भी हुआ, लेकिन बाद में अचानक सूची को फर्जी बताते हुए पद रद्द कर दिया गया। अनीता का कहना है कि आपत्ति जताने पर उन्हें बंद कमरे में बैठाकर आश्वासन दिया गया, पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पदों के वितरण में कथित रूप से “घूस” ली जाती है और कुछ नेता संगठन की साख को नुकसान पहुँचा रहे हैं। दावा है कि आज प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत करने के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई।कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन कर रही महिला पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला चर्चा का विषय बन गया। ज्ञात हो कि हाल के दिनों में ज़िले में भाजपा से जुड़े विवाद लगातार सुर्खियों में रहे हैं। कुछ दिन पहले युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर गुंडागर्दी के आरोप लगे थे। वहीं जिलाध्यक्ष के कार्यभार सँभालने के करीब दस माह बाद भी संगठनात्मक सूची पूरी नहीं हो सकी है। बीती रात भी प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के दौरान किए गए रोड जाम पर उनकी नाराज़गी सामने आई थी।



