Azamgarh News गन्ना भुगतान और पर्ची अनियमितता पर किसानों का प्रदर्शन, विधायक ने दिलाई आश्वासन

गन्ना भुगतान और पर्ची अनियमितता पर किसानों का प्रदर्शन, विधायक ने दिलाई आश्वासन

आजमगढ़। जनपद के सगड़ी क्षेत्र के सैकड़ों गन्ना किसानों ने सोमवार को सठियांव चीनी मिल के गेट पर गन्ना भुगतान में देरी, पर्ची वितरण की अनियमितता, पेराई की धीमी रफ्तार और ट्रांसपोर्ट संबंधी दिक्कतों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। समस्याओं से त्रस्त किसान मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।सूचना पर पहुंचे सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने किसानों को शांत कराया और मिल के जीएम व सीसीओ के साथ तत्काल बैठक कर उनकी सभी मांगों को अधिकारियों के सामने रखा। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा घोसी मिल से अटैच सगड़ी क्षेत्र के किसानों को सठियांव मिल से जोड़ने का रहा। इस बदलाव के कारण बार-बार जाम लगने से किसानों को कई दिनों तक अपनी गाड़ियां खड़ी रखनी पड़ती थीं।
किसानों की परेशानी को देखते हुए मिल प्रबंधन ने सगड़ी क्षेत्र के लिए विशेष पर्ची व्यवस्था और अलग कॉरिडोर बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही बकाया भुगतान शीघ्र करने, तौल केंद्रों पर पूरा स्टाफ तैनात रखने और गाड़ियों को तुरंत खाली कराने के निर्देश भी दिए गए। रिजेक्टेड गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग पर मिल प्रशासन ने एक सप्ताह में टीम बनाकर निर्णय लेने का भरोसा दिया।विधायक ने सभी निर्णयों को लिखित रूप में जारी करने की मांग की, जिस पर सहमति बन गई है। किसानों ने विधायक के हस्तक्षेप को राहत बताते हुए उम्मीद जताई कि यदि वादे पूरे हुए, तो इस बार पेराई सत्र सुचारू रूप से चलेगा। वहीं मिल प्रबंधन ने भी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का आश्वासन दिया है। अब किसानों की निगाहें इन वादों के क्रियान्वयन पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button