Gazipur News :गोआश्रय स्थलों की प्रगति पर CDO सख्त, तीन दिन में हरा चारा उगाने की कार्ययोजना के निर्देश
Gazipur today news
Gazipur News :गोआश्रय स्थलों की प्रगति पर CDO सख्त, तीन दिन में हरा चारा उगाने की कार्ययोजना के निर्देश
गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, गाजीपुर में आयोजित की गई।
बैठक में गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की गहन समीक्षा की गई। जनपद की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने रोष व्यक्त करते हुए जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आगामी तीन दिवस के भीतर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों की संख्या के आधार पर चारागाह की भूमि पर हरा चारा उगाने की कार्ययोजना तैयार करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को विकास खंड स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित कर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा एवं चोकर आदि की व्यवस्था मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिन गोआश्रय स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साईलेज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
गोआश्रय स्थलों पर मानक के अनुरूप अभिलेख संधारण हेतु मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर को सभी गोआश्रय स्थलों को निर्धारित प्रारूप में छपे हुए रजिस्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही ने बताया कि वर्तमान में जनपद के सभी 60 गोआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य प्रगति पर है, जिसमें से अब तक 14 गोआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को विकास भवन, गाजीपुर में आवंटित कक्ष संख्या 30 में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों में गोवंशों को उपलब्ध कराए जा रहे भूसा, हरा चारा, चोकर एवं अन्य व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, नोडल अधिकारी गोशाला डॉ. राकेश कुमार गौतम, जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं गोआश्रय स्थलों के जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



