Gazipur News : गहमर में गिट्टी लदा ट्रेलर पलटा, खलासी की मौत, चालक गंभीर घायल
Gazipur News : गहमर में गिट्टी लदा ट्रेलर पलटा, खलासी की मौत, चालक गंभीर घायल
गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया मोड़ के पास बुधवार सुबह गिट्टी लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गाजीपुर निवासी खलासी दिनेश कुमार (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर अहरौरा से गिट्टी लोड कर बिहार प्रांत के चौसा पावर प्लांट जा रहा था। गहमर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बकैनिया मोड़ के पास एक अंधे मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। ट्रेलर पलटने से गिट्टी खेत में फैल गई और चालक व खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल गहमर कोतवाली पुलिस को सूचना दी तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गहमर भेजा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने खलासी दिनेश कुमार (32) पुत्र सिद्धनाथ, निवासी बुजुर्गा, गाजीपुर को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रेलर के मालिक का नाम मंगल यादव है और खलासी दिनेश छुट्टी लेकर अपने गांव आ रहा था।
इस संबंध में गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



