Gazipur News : सीआरपीएफ भाईचारा परिवार ने शहीद घूरभारी यादव को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, शहीद स्थल निर्माण का हुआ शुभारंभ
Gazipur today news
Gazipur News : सीआरपीएफ भाईचारा परिवार ने शहीद घूरभारी यादव को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, शहीद स्थल निर्माण का हुआ शुभारंभ
जखनिया (गाजीपुर)।
सीआरपीएफ भाईचारा परिवार के तत्वावधान में आजमगढ़ जनपद के सेमा गांव निवासी शहीद घूरभारी यादव की स्मृति में एक गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवानों, वर्तमान में ड्यूटी पर तैनात जवानों तथा एनसीसी कैडेट्स ने एकजुट होकर शहीदों के सम्मान में शहीद स्थल निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शहीद जवानों के घरों से लाई गई पावन मिट्टी को एकत्र कर शहीद स्थल की नींव रखी गई। इस भावुक क्षण ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रभक्ति और बलिदान की भावना से ओतप्रोत कर दिया। एनसीसी के जवानों ने शहीद घूरभारी यादव को याद करते हुए उन्हें नमन किया और उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया।
सीआरपीएफ भाईचारा परिवार के संस्थापक चंद्रदेव यादव ने कहा कि यह परिवार शहीदों के परिजनों के साथ हर सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहता है। उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि हमने भारत माता की सेवा तन-मन से की है। सेवानिवृत्त होने के बाद भी हमारा जज़्बा और साहस कभी कम नहीं होगा, और हम जीवन की अंतिम सांस तक शहीद परिवारों की सेवा करते रहेंगे।”
वहीं सीआरपीएफ भाईचारा के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि संगठन का प्रयास हमेशा शहीदों के सम्मान और उनके परिवारों के सहयोग के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने दोहराया कि भाईचारा परिवार शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने और उनके सम्मान में हर संभव सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के नारों और शहीदों के सम्मान में उठे जयघोष के साथ संपन्न हुआ, जिसने क्षेत्र में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया। इस मौक़े पर विरेन्द्र यादव , जितेन्द्र ,सुन्दर जीत फौजी,मनोज , राजेश,मनोज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



