MauNews:पुलिस का न्यायआपके द्वार’ से गांव तक पहुंचा इंसाफ, घोसी नदवसराय में ग्राम चौपाल में 17 शिकायतें, 4 का त्वरित निस्तारण
घोसी।मऊ। घोसी कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र के नदवासराय बाजार में पुलिस–जनसंवाद को मजबूत करने की दिशा में ‘न्याय आपके द्वार’ पहल के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने के साथ सड़क सुरक्षा के उपाय बताया गया।
रविवार की दोपहर यह ग्राम चौपाल घोसी कोतवाली क्षेत्र के नदवायसराय बाजार में कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
पुलिस ग्रामचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं। इस अवसर पर कुल 17 प्रकरण सामने आए जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
चौपाल के दौरान एक बुजुर्ग महिला रेशमा ने राशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही कोटेदार से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया। वहीं कमली देवी ने पेंशन न मिलने की शिकायत की। लक्ष्मीना देवी ने राशन एवं पेंशन से वंचित होने की बात कही। बिरजा ने बिजली के जर्जर तारों से उत्पन्न खतरे को लेकर अपनी समस्या रखी जबकि अर्जुन राजभर ने धमकी दिए जाने के संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया है। जो शिकायतें मौके पर निस्तारित नहीं हो सकीं उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों और उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे ताकि गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।
कोतवाल ने कहा कि ‘न्याय आपके द्वार’ पहल ग्रामीणों को बिना भय और संकोच के पुलिस से जुड़ने का अवसर देती है। इससे न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान होता है बल्कि पुलिस को क्षेत्र में घटित हो रहे अपराधों की जानकारी भी मिलती है। ग्राम चौपाल के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को यातायात नियमों के पालन की अपील भी की गई। कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर परिवार से शुरुआत होनी चाहिए।
ग्राम चौपाल में नदवायसराय चौकी प्रभारी मदन गुप्ता, एसआई महबूब अली, महिला एसआई यशोदा,ऋचा सोनी, एचसी विमलेश सिंह, अजय कुमार यादव, कांस्टेबल राकेश सिंह, अवनीश यादव,महिला कांस्टेबल आरती सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शमशाद खान, लेखपाल विवेक सिंह, नदवायसराय व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद बरनवाल उर्फ अंशु, रवि कुमार पटवा, श्यामसुंदर गुप्ता, अजीजुर्रहमान, कृपाल राजभर, कोटेदार सतीश मोदनवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।



