Azamgarh News: प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूरे होने पर अखंड रामायण पाठ व भव्य भंडारे का आयोजन
अहरौला, आजमगढ़
अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर बाबा पाल दास की कुटी पर बाबा पाल दास युवा संगठन द्वारा अखंड रामायण पाठ, हवन-पूजन एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा पाल दास का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अखंड रामायण पाठ से हुई, जिसके उपरांत विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद आज विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक वर्ष परंपरागत रूप से किया जाता है, लेकिन अयोध्या में भगवान श्रीराम लला की भव्य प्राण प्रतिष्ठा के बाद से यह दिन और भी विशेष महत्व का हो गया है। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज भी बाबा पाल दास की कुटी पर इसी प्रकार के धार्मिक आयोजनों और भंडारे का आयोजन करते रहे हैं, उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य युवा संगठन द्वारा किया जा रहा है।
भंडारा जनसहयोग से संपन्न कराया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि ऐसे आयोजनों में प्रसाद बनाने का कार्य भंडारी भाइयों द्वारा निःशुल्क सेवा भाव से किया जाता है। इसके लिए जगत हलवाई सहित उनकी पूरी टीम को युवा संगठन की ओर से विशेष धन्यवाद दिया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से मोनू, सोनू, पिंटू, सुरेंद्र, डीके सिंह, करण, संतोष, उमेश, गोविंद, अंकित, साहिल, नागेंद्र सिंह सहित ‘जय बाबा पाल दास टीम’ के समस्त कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


