Azamgarh News: विशेष पुनरीक्षण-2026 के दौरान मतदाताओं को व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट, एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा

आजमगढ़,अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल विश्वकर्मा ने जनपद के समस्त नागरिकों को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत नोटिस की सुनवाई के दौरान मतदाताओं को बड़ी राहत दी गई है। इसके तहत अब ऐसे मतदाता, जो किसी कारणवश सुनवाई में स्वयं उपस्थित नहीं हो सकते, उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने से छूट प्रदान की जा सकती है।
एडीएम प्रशासन ने बताया कि मतदाताओं को होने वाली असुविधा को कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यदि कोई मतदाता स्वास्थ्य, कार्य या अन्य किसी कारण से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के समक्ष उपस्थित नहीं हो पा रहा है, तो वह अपनी ओर से किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि के रूप में भेज सकता है। इसके लिए संबंधित मतदाता को लिखित रूप में हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान लगाकर एक प्राधिकरण पत्र देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट उल्लेख हो कि अधिकृत व्यक्ति सुनवाई में उसकी ओर से उपस्थित होगा और उसका प्रतिनिधित्व करेगा। यह प्रक्रिया मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक कार्य को भी सुगम बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है। श्री विश्वकर्मा ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए।



