Azamgarh News: आजमगढ़ में 16 से 27 फरवरी तक चलेगा विशेष खसरा–रूबेला टीकाकरण

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार खसरा एवं रूबेला रोग के उन्मूलन के उद्देश्य से जनपद आजमगढ़ में विशेष खसरा–रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी तक संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत नियमित टीकाकरण से अतिरिक्त 4 से 6 नॉन-आरआई सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनका आयोजन विद्यालयों एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक (आयु वर्ग 5 से 10 वर्ष) के सभी बच्चों को खसरा–रूबेला टीके की खुराक दी जाएगी, चाहे उन्हें पूर्व में यह टीका लगाया जा चुका हो।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा स्वास्थ्य विभाग को अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के नोडल एडिशनल मुख्य चिकित्साधिकारी/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने बताया कि खसरा एवं रूबेला अत्यंत संक्रामक रोग हैं, जिनसे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। अभियान के दौरान प्रत्येक सत्र स्थल पर टीकों की पर्याप्त उपलब्धता, कोल्ड-चेन की सुरक्षा, प्रशिक्षित टीकाकरण दल की तैनाती एवं माइक्रोप्लान के अनुसार सत्रों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, जिला प्रशासन सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं तथा जन-जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।अंत में डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपद के समस्त अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्यों एवं जनसामान्य से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में सहयोग करें और अपने बच्चों को निर्धारित तिथि एवं समय पर विद्यालय अथवा टीकाकरण सत्र स्थल पर अवश्य भेजें, ताकि जनपद को खसरा एवं रूबेला जैसे गंभीर रोगों से सुरक्षित किया जा सके।



