Azamgarh News: टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश, मानसिक समस्याओं पर निःशुल्क व गोपनीय विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में भारत सरकार के राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 के व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में प्राप्त शासन निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर इस महत्वपूर्ण मानसिक स्वास्थ्य सेवा को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने दी।
सीएमओ ने बताया कि टेली-मानस सेवा मानसिक तनाव, अवसाद तथा अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों को निःशुल्क, त्वरित एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। हेल्पलाइन पर संपर्क करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा उनकी समस्याओं का समाधान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित काउंसलरों द्वारा किया जाता है, जिससे लोग बिना संकोच इस सेवा का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि शासनादेश के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 14416 को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों, ओपीडी पर्चों, रजिस्ट्रेशन काउंटरों, वार्डों, प्रतीक्षालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, कारागारों, आश्रय गृहों, नशा मुक्ति केंद्रों तथा ग्राम पंचायत भवनों की दीवारों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रमुखता से अंकित कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही विभागीय वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए भी व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं संबंधित विभागों से टेली-मानस हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के समाधान हेतु हेल्पलाइन 14416 का निःसंकोच उपयोग करें तथा इस उपयोगी सेवा की जानकारी अन्य लोगों तक भी अवश्य पहुँचाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button