Gazipur News: गांगी नदी किनारे भट्ठा मजदूर की गला घोंटकर हत्या, रिश्तेदारों पर आरोप

Gazipur News: गांगी नदी किनारे भट्ठा मजदूर की गला घोंटकर हत्या, रिश्तेदारों पर आरोप

सैदपुर (गाजीपुर)।
थाना क्षेत्र के भितरी गांव में गांगी नदी के किनारे मंगलवार की सुबह एक ईंट भट्ठा मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की हत्या गले में गमछा कसकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
शव की पहचान शादियाबाद थाना क्षेत्र के बसेंवा निवासी 38 वर्षीय दासू वनवासी पुत्र स्वर्गीय वंशी वनवासी के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की सुबह लोग शौच के लिए गांगी नदी किनारे गए तो वहां युवक का शव पड़ा देखा, जिसके गले में गमछा कसा हुआ था। खबर फैलते ही मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पत्नी फूला देवी व पुत्र सूरज वनवासी ने बताया कि दासू सोमवार शाम से ही लापता था। वह भितरी-राजनपुर स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पत्नी ने तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
तहरीर के अनुसार सोमवार की शाम दासू अपने रिश्तेदार अशोक वनवासी पुत्र रामधनी वनवासी और संजू पुत्र हरिनाथ वनवासी के साथ भितरी बाजार गया था। वहां पहले से मौजूद नोनहरा थाना क्षेत्र के मोलनापुर निवासी रासबिहारी वनवासी सहित मृतक के बड़े भाई के दामाद हरेंद्र वनवासी, नगीना, विजयी और लालचंद वनवासी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के बाद दासू पैदल घर लौट रहा था, तभी भितरी के पास गांगी नदी पुल पर अशोक और संजू ने उसके साथ मारपीट की और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पुल से लगभग 300 मीटर दूर नदी किनारे फेंक दिया गया।
परिजनों ने बताया कि देर रात तक दासू के घर न लौटने पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।
मृतक की पत्नी ने हत्या के पीछे मृतक के बड़े भाई दशरथ के प्रेम प्रसंग को कारण बताया। बताया कि पांच वर्ष पूर्व दशरथ की पत्नी की मौत हो चुकी है और उसके कथित अनैतिक संबंधों के चलते ही दासू को जान गंवानी पड़ी। आरोप है कि प्रेम संबंध से जुड़े लोगों ने ही हत्या को अंजाम दिया।
दासू अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button