Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के बाद पुलिस लाइन आजमगढ़ में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक तरीके से हर्षोल्लास के साथ होली उत्सव मनाया।
इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ होली खेली और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारी और कर्मचारी रंग, अबीर व गुलाल में सराबोर होकर एक-दूसरे को रंग लगाते नजर आए और आपसी भाईचारे, प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने होली पर्व के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी एकता और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।



