Azamgarh News: ट्यूबवेल के कमरे में फांसी लगाकर बुजुर्ग ने दी जान, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक बुजुर्ग द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव निवासी राम उग्रह चौहान (65 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय दूईज चौहान सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे घर से निकलकर गागेपुर गांव के सिवान स्थित अपने ट्यूबवेल पर गए थे। बताया जाता है कि उन्होंने ट्यूबवेल के कमरे का दरवाजा बंद कर वहां लगे करकट से रस्सी के सहारे फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार जब दोपहर में खाना खाने का समय हुआ और वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें खोजते हुए ट्यूबवेल पर पहुंचे। वहां दरवाजा खोलकर देखा तो राम उग्रह चौहान फांसी के फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा बिलरियागंज थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मृतक पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर काम करते थे, लेकिन कुछ समय से घर पर ही रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे। मृतक के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button