Azamgarh news:सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग का कार्य शुरू, युवाओं ने पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का किया स्वागत
Atraulia. Work on the Sikandarpur-Nariyanv road has begun, and the youth welcomed Panchayati Raj Minister Om Prakash Rajbhar.

Azamgarh news:
Azamgarh :सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत होने पर सोमवार को क्षेत्र के कनैला चौराहे पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश के पंचायती राज कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का युवाओं ने ढ़ोल नगाड़े के साथ जोरदार स्वागत किया। युवा कार्यकर्ता हनुमान निषाद के नेतृत्व में आयोजित गोष्ठी में मंत्री ने क्षेत्रीय जनता को संबोधित किया और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर की।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग और अहिरौला-कप्तानगंज मार्ग की हालत कई वर्षों से बेहद खराब थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि जब इस समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा गया तो उन्होंने तुरंत सड़क निर्माण की स्वीकृति दे दी। उन्होंने कहा कि रविवार को भूमि पूजन हुआ और सोमवार से ही निर्माण कार्य शुरू हो गया, जो डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव के हालिया बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर सपा के दावे महज सपना हैं। तंज कसते हुए कहा कि “न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि जब शिवपाल यादव स्वयं पांच वर्षों तक लोक निर्माण विभाग पीडब्लूडी के मंत्री रहे, तब उन्हें आजमगढ़ की जर्जर सड़कों की याद क्यों नहीं आई। मंत्री ने कहा कि आज का युवा जागरूक हो चुका है और अब वह केवल झंडा उठाने वाला कार्यकर्ता नहीं रहा, बल्कि उसे शिक्षा, रोजगार और सम्मान चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बलिया, मऊ, गाजीपुर और आजमगढ़ जैसे जिलों में पिछड़ों और वंचितों की गोलबंदी से राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन हरीबदन प्रजापति ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।



