AZAMGARH News:पथिक नहीं, पथ महत्वपूर्ण होता है : जगपति राम

It is not the traveler but the path that is important: Jagpati Ram

लालगंज (आजमगढ़)। सामाजिक संगठन दलित युवा मोर्चा के अध्यक्ष जगपति राम ने कहा कि ‘पथिक नहीं, पथ महत्वपूर्ण होता है।’ उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता और एकजुटता ही दलित, शोषित और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम बन सकता है।जगपति राम ने लालगंज क्षेत्र के अकबालपुर, घोड़सहना, हालेपुर, बड़नपुर, बहादुरपुर, बड़ेगांव, माधोपुर धरांग, गोगही चिरकिहिट, दुलही का पूरा तथा लालगंज में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि हर घर में भारतीय संविधान की किताब रखी जाए और उसका नियमित अध्ययन किया जाए। उनका कहना था कि संविधान को समझे बिना व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि समाज की तमाम समस्याओं को दरकिनार कर दलित समाज को संविधान के प्रति सजग होकर एकजुटता का संकल्प लेना होगा।उन्होंने कहा अमर शहीदों के विचार और कर्म हमें प्रेरणा देते हैं। जब भारत गुलाम था, तब देश को आजाद कराने के लिए नौजवानों और क्रांतिकारियों ने धर्म और जाति से ऊपर उठकर केवल देश की आजादी का सपना देखा। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर संघर्ष किया और अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि अज्ञानता सबसे बड़ा अंधकार है और शिक्षा ही उसकी रोशनी है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि “शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो जितना पिएगा उतना दहाड़ेगा।” उन्होंने कहा कि आज का युवा प्रतिभाशाली है, लेकिन उसे अपनी शक्ति और सामर्थ्य की पहचान करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर भगवान दास, राम अवतार, सुरेंद्र चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button